रांची। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG)- 2026 री-एग्जामिनेशन को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 21 जून 2026 को होने वाली इस परीक्षा को देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत सभी 21 उप-केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू करने का आधिकारिक आदेश जारी किया है।
दोपहर 12 से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगा आदेश
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निषेधाज्ञा 21 जून को दोपहर 12:00 बजे से लेकर शाम 08:00 बजे तक पूरी तरह प्रभावी रहेगी। इस समयावधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक साथ एकत्र होने, किसी भी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, सरकारी कार्य और परीक्षा ड्यूटी में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
असामाजिक तत्वों पर नजर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाकर शांति व्यवस्था भंग करने या परीक्षा में बाधा डालने का प्रयास कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी 21 केंद्रों पर दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट), पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इसके साथ ही परीक्षा क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
पूरी पारदर्शिता और कदाचारमुक्त माहौल में होगी परीक्षा: उपायुक्त
रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और परीक्षार्थियों के लिए शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “NEET (UG)-2026 री-एग्जामिनेशन को पूरी पारदर्शिता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सुदृढ़ है। मैं सभी अभ्यर्थियों से अपील करता हूं कि वे निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।”
