जमशेदपुर (परसूडीह)| पूर्वी सिंहभूम जिले के परसूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह (माखन गली) में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी मुन्ना तामसोय को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को आरोपी की सदर अस्पताल में पूरी मेडिकल जांच कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
चाईबासा का रहने वाला है आरोपी, मलेरिया विभाग में था तैनात
पुलिस और पीड़िता के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मुन्ना तामसोय मूल रूप से चाईबासा के मंझारी थाना इलाके का निवासी है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया मलेरिया विभाग में तैनात था और फिलहाल परसूडीह के कीताडीह इलाके में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। आरोपी का कमरा पीड़िता के घर के पास ही स्थित था।
बिजली कटने पर बाहर निकली थी किशोरी, सूनेपन का उठाया फायदा
घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। इलाके में बिजली कटने और अत्यधिक गर्मी होने के कारण नाबालिग किशोरी थोड़ी देर के लिए अपने घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी मुन्ना तामसोय ने उसे अकेला पाकर जबरन खींच लिया और अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया, तो वह उसे जान से मार देगा।
परिजनों को देख भागा, टाटानगर स्टेशन पर घेराबंदी कर दबोचा
रोती-बिलखती पीड़िता ने किसी तरह अपने घर लौटकर परिजनों को आपबीती सुनाई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने तुरंत आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौका पाकर वहां से भागने में सफल रहा। परिजनों ने फौरन मामले की शिकायत परसूडीह थाना पुलिस से की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे प्लेटफार्म से रंगे हाथों दबोच लिया।
परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पोक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को जल्द से जल्द और सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
