पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने मंगलवार को सदर प्रखंड के कमारहातु स्थित खदान जलाशय का दौरा कर केज सिस्टम के माध्यम से किए जा रहे मछली पालन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलाशय में संचालित मत्स्य उत्पादन गतिविधियों की जानकारी ली तथा स्थानीय मत्स्यजीवियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझा।
दौरे के दौरान मतकमहातु पंचायत की मुखिया सह मत्स्यजीवी सहयोग समिति की संरक्षक जुलियाना देवगम ने उपायुक्त को बताया कि खदान जलाशय में मछली पालन से ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है, लेकिन क्षेत्र के समुचित विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने खदान परिसर का सौंदर्यीकरण कर उसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने की मांग रखी, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। साथ ही उन्होंने जलाशय के पानी से सिंचाई सुविधा बहाल कराने के लिए प्रशासनिक सहयोग की भी मांग की।
उपायुक्त मनीष कुमार ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन सकारात्मक पहल करेगा।
निरीक्षण के क्रम में जुलियाना देवगम ने उपायुक्त को क्षेत्र के उप-स्वास्थ्य केंद्र और कृषि विभाग से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन कराया। उपायुक्त ने संबंधित व्यवस्थाओं में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नीमडीह पंचायत की मुखिया सुमित्रा देवगम, टेकराहातु पंचायत की मुखिया चांदमुनी कालुंडिया, पंचायत सचिव जगबंधु दास सहित कई ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
