27.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

गोविंदपुर जल संकट पर भड़का जनाक्रोश, ग्रामीणों ने दी अन्ना चौक जाम की चेतावनी

पूर्वी सिंहभूम । गोविंदपुर जलापूर्ति योजना क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से पेयजल आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच 21 पंचायतों के करीब 22 हजार परिवारों की लगभग डेढ़ लाख आबादी पानी की भारी किल्लत झेल रही है। हालात से परेशान ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में गोविंदपुर स्थित पानी टंकी परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन जिले के जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएचइडी और बिजली विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से बच रहे हैं, जबकि जनता पानी के लिए परेशान हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो बुधवार को अन्ना चौक पर चक्का जाम किया जाएगा।

प्रदर्शन में सतवीर सिंह बग्गा, राजबान सिंह, गोविन्दा लोहरा, रवि कुमार, विजय कुमार, दिनेश सिंह, रवि चौधरी, सत्यजीत बैनर्जी, प्रशांत चौधरी, लालमती बान सिंह, गीता पूर्ति, लक्ष्मी नाग, रखी पूर्ति, कुनी सोय, जोबा पिंगुआ, नमसी पूर्ति, तुलसी बनरा, तुनोई नायक, मालती नाग और गागी बोदरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने कहा कि पानी नहीं मिलने से घर का पूरा कामकाज प्रभावित हो गया है और इस गर्मी में हालात बदतर हो चुके हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख