खूंटी । झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत स्कूली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने को लेकर शुक्रवार को कर्रा प्रखंड में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) स्मिता नगेशिया ने की।
बैठक में बीडीओ ने निर्देश दिया कि प्रखंड के सभी सरकारी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार स्वच्छ और पौष्टिक मध्याह्न भोजन बच्चों को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रों को पेड़ के नीचे या बरामदे में बैठाकर भोजन नहीं कराया जाए, बल्कि सुरक्षित और उचित स्थान पर भोजन की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा सभी विद्यालयों में आपात स्थिति के लिए ग्लूकोज रखने का निर्देश भी दिया गया।
इस संबंध में चिकित्सा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार विद्यालयों को ग्लूकोज उपलब्ध कराने की बात कही गई।
बैठक में छात्रों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने, विद्यालयों की पाक शाला की साफ-सफाई बनाए रखने तथा प्रत्येक कार्य दिवस में शत-प्रतिशत एमडीएम/एचएमएस कार्यों के निष्पादन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित वातावरण को प्राथमिकता देते हुए योजना के प्रभावी रूप से लागू करें ।किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहु, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुरेंद्र भगत, स्टियरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी के शिक्षक प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह सहित कई संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

