34 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार का दबदबा बरकरार, ऑरेंज कैप के लिए कोहली और सुदर्शन में कड़ा मुकाबला

नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रविवार को रोमांचक मुकाबलों का डबल हेडर खेला गया। पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को मात दी। इन मैचों में स्टार बल्लेबाजों और गेंदबाजों के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस बेहद दिलचस्प हो गई है।

ऑरेंज कैप की दौड़: साई सुदर्शन शीर्ष पर, करीब पहुंचे कोहली
पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 37 गेंदों में 58 रनों की शानदार पारी खेली। इस अर्धशतक की बदौलत कोहली के इस सीजन में अब 542 रन हो गए हैं और वे ऑरेंज कैप की रेस में टॉप के बेहद करीब पहुंच गए हैं। इस सूची में फिलहाल गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन 554 रनों के साथ पहले और शुभमन गिल 552 रनों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।

अन्य बल्लेबाजों की बात करें तो: केएल राहुल: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 42 गेंदों में 56 रनों की पारी खेलकर राहुल के अब 533 रन हो गए हैं। उन्होंने हेनरिक क्लासेन को पछाड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया है। वैभव सूर्यवंशी: राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने दिल्ली के खिलाफ 21 गेंदों में 46 रन की तेज पारी खेली और अब वे 486 रनों के साथ छठे पायदान पर आ गए हैं। कूपर कोनोली: कोनोली ने 22 गेंदों में 37 रन बनाकर सीजन में अपने कुल रन 473 कर लिए हैं और वे आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

पर्पल कैप की दौड़: भुवनेश्वर कुमार की बादशाहत कायम
सनराइजर्स हैदराबाद के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस सीजन में कमाल की लय में हैं। पंजाब के खिलाफ मैच में उन्होंने प्रियंश आर्य और प्रभसिमरन सिंह को आउट कर 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए। हालांकि इस मैच में वे थोड़े महंगे साबित हुए, लेकिन विकेट निकालने का उनका सिलसिला जारी रहा।

इन दो विकेटों के साथ भुवनेश्वर के इस सीजन में अब कुल 24 विकेट हो गए हैं और वे पर्पल कैप की सूची में नंबर वन पर काबिज हैं। वे दूसरे स्थान पर मौजूद कगिसो रबाडा से 3 विकेट आगे हैं, जबकि अंशुल कंबोज 19 विकेटों के साथ भुवनेश्वर से 5 विकेट पीछे हैं।

वहीं, मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पिछले तीन मैचों के संघर्ष के बाद शानदार वापसी की है। उन्होंने रविवार के मुकाबले में 35 रन देकर 2 विकेट लिए, जिससे उनके कुल विकेटों की संख्या 17 हो गई है और वे पर्पल कैप की रेस में चौथे स्थान पर आ गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख