वाराणसी । वाराणसी में चांदी ने एक बार फिर से उछाल ली है। इस बार चांदी 20 हजार रूपये प्रति किलो महंगी हो गई है। अभी तक दो लाख 70 हजार प्रति किलो की चांदी अब दो लाख 90 हजार रुपए पर पहुंच गई है।
चांदी में उछाल का बाजार पर खासा असर है। चांदी के बर्तन, आभूषण की खरीद बिक्री करने वाले होलसेल दुकानदारों ने तेजी से बढ़ते दाम पर चिंता जाहिर की है। दुकानदारों का कहना है कि चांदी का मूल्य बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में बिक्री पर असर होगा। मूल्य वृद्धि से बिक्री कम होने का अनुमान है।
वाराणसी के सर्राफा व्यापारी आलोक ने कहा कि वर्तमान समय में चांदी अपने अधिकतम मूल्य तक पहुंच चुकी है। इसके बाद अगर चांदी के मूल्य में वृद्धि होगी तो निश्चित ही कारोबार पर इसका असर दिखेगा। अभी भी ग्राहकों की संख्या में कुछ फ़ीसदी तक कमी आई है।
दुकानदार अनूप ने बताया कि चांदी में सबसे ज्यादा पायल और बिछिया बिकती है। जो महिलाओं की पसंदीदा होती है। जैसे-जैसे चांदी का रेट बढ़ रहा है, वैसे-वैसे पायल बिछिया के व्यापार पर असर है। महिलाएं महंगी पायल या बिछिया खरीदना पसंद नहीं करती है। वही छूट मिलने पर खरीददारी करती है। जब दुकानदारों को ही चांदी महंगी मिलेगी तो सस्ते आभूषण कैसे बेचेंगे।
शहर में कोदई चौकी का ज्वेलरी मार्केट भी चांदी के दुकानदारों के लिए जाना जाता है। यहां के दुकानदारों का मानना है कि चीन से आने वाला चांदी अभी और महंगा हो सकता है। जिसका व्यापार पर सीधा असर होगा।

