33 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में निधन

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाजवादी परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतिक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। महज 38 वर्ष की आयु में उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक गलियारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मृत्यु
लखनऊ के सिविल अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल पहुंचने से पहले मृत्यु) घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

फिटनेस के शौकीन और चर्चित व्यक्तित्व
प्रतीक यादव को अक्सर उनकी बेहतरीन बॉडी और फिटनेस के प्रति गंभीरता के लिए जाना जाता था। वे समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। हालांकि प्रतीक सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन वे अपने जिम और रियल एस्टेट व्यवसाय को लेकर हमेशा चर्चा में रहते थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

शोक का माहौल
प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही लखनऊ स्थित आवास और सिविल अस्पताल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस दुखद घड़ी में यादव परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख