पुडुचेरी । एनआर कांग्रेस के संस्थापक और एनडीए (NDA) गठबंधन के नेता एन. रंगासामी ने बुधवार को पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। राजनिवास में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उपराज्यपाल कैलाशनाथन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ भाजपा के ए. नमस्सिवायम और एनआर कांग्रेस के मल्लादी कृष्ण राव ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद एक्शन में मुख्यमंत्री
शपथ लेने के तुरंत बाद रंगासामी पैदल ही विधानसभा पहुंचे, जहाँ उन्होंने पुलिस परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में पहली ही कैबिनेट फाइल पर हस्ताक्षर करते हुए पुडुचेरी की जनता के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं:
‘नमो पुडुचेरी’ कैंसर अस्पताल: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में एक अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ कैंसर का विश्वस्तरीय इलाज संभव होगा।
बीमा योजना का विस्तार: अब तक केवल लाल राशन कार्डधारकों को मिलने वाली बीमा सुविधा का लाभ अब पीले राशन कार्डधारकों को भी मिलेगा। इसके तहत निजी अस्पतालों में इलाज के लिए सरकार 3 लाख रुपये तक की प्रतिपूर्ति (Reimbursement) करेगी।
रोजगार और खेल: सेदरापेट क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को मंजूरी दी गई है जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही खेलों को बढ़ावा देने के लिए नए स्टेडियम निर्माण की फाइल पर भी हस्ताक्षर किए गए।
गठबंधन की मजबूती और कैबिनेट विस्तार
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। बताया गया है कि अगले एक सप्ताह के भीतर मंत्रिमंडल का पूर्ण विस्तार होगा और तभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी किया जाएगा।
ज्ञात हो कि 9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के बाद एनडीए गठबंधन ने एक बार फिर पुडुचेरी की सत्ता में वापसी की है। रंगासामी का पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनना उनके प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

