गुवाहाटी । असम की राजनीति के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। डॉ. हिमंत बिस्व सरमा आज लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के चार अन्य वरिष्ठ सदस्य भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस भव्य समारोह के लिए गुवाहाटी के खानापाड़ा वेटरिनरी कॉलेज ग्राउंड में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के साथ आज जो चार विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, उनमें गठबंधन के विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व शामिल है। रामेश्वर तेली (भाजपा), अजंता नेओग (भाजपा), अतुल बोरा (असम गण परिषद – AGP), चरण बोडो (बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट – BPF), इसके साथ ही, वरिष्ठ नेता रंजीत दास को विधानसभा अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है।
दिग्गजों का जमावड़ा और सुरक्षा व्यवस्था
शपथ ग्रहण समारोह में देश की जानी-मानी हस्तियां शामिल हो रही हैं:
मुख्य अतिथि: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह।
अन्य अतिथि: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 22 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और देश के प्रमुख उद्योगपति।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के आगमन को देखते हुए खानापाड़ा से लेकर हवाई अड्डे तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यातायात के कई मार्गों में बदलाव किया गया है।
‘समृद्ध असम’ का संकल्प
डॉ. सरमा ने सोशल मीडिया (X) पर अपनी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में एक “मजबूत, विकसित और समृद्ध असम” के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करती रहेगी। कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, जो संगठन की जमीनी मजबूती को दर्शाता है।

