पटना । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजधानी पटना के मंदिरी नाला सड़क परियोजना का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि अगर कोई पुलिस को चुनौती देगा तो 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा। उन्होंने साफ कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सरकार की प्राथमिकता हर हाल में सुशासन कायम रखना है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि ”मैंने पुलिस का हाथ खोल दिया है। पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अगर कोई उन्हें चुनौती देता है तो 48 घंटे के भीतर जवाब दें। सरकार के लिए यह मायने नहीं रखता कि अपराधी किस जाति या धर्म का है। अपराध करने वाला किसी भी हाल में बच नहीं सकता। बिहार में कानून का राज है और इसे बरकरार रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार तेजी से आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है। सरकार राज्य में इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की दिशा में भी तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के लिए सबसे जरूरी चीज सुशासन और कानून का राज है। इसी कारण सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरी नाला के आसपास का इलाका लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहा था। अब इस सड़क के शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पूरा इलाका तेजी से रेसिडेंशियल से कॉमर्शियल हब में बदलने जा रहा है। इसके लिए उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि”सरकार सिर्फ एक सड़क बनाकर रुकने वाली नहीं है, बल्कि पटना के दोनों ओर नए शहर विकसित किए जाएंगे। एक ओर पाटलिपुत्र शहर विकसित होगा तो दूसरी ओर हरिहरनाथ पुरम शहर बसाया जाएगा। इसके अलावा आने वाले कुछ महीनों में दीदारगंज छोटी पहाड़ी होते हुए राघोपुर से हाजीपुर तक सड़क संपर्क भी सुचारू हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने इस सड़क का नामकरण नितिन नवीन के पिता और बांकीपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर किया है। अब यह सड़क ‘नवीन किशोर सिन्हा पथ’ के नाम से जानी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि अगले वर्ष इस परियोजना की वर्षगांठ पर नवीन किशोर सिन्हा की आदमकद प्रतिमा भी इस सड़क पर स्थापित की जाए।

