हैदराबाद: बॉलीवुड की ‘सकीना’ यानी अमीषा पटेल ने शुक्रवार, 8 मई की आधी रात को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट की झड़ी लगाकर इंटरनेट का पारा बढ़ा दिया है। अभिनेत्री ने न केवल बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गदर 3’ के अस्तित्व पर मुहर लगाई, बल्कि इंडस्ट्री में चल रहे ‘फेक पीआर’ और नकारात्मकता फैलाने वाले यूट्यूबर्स को भी करारा जवाब दिया।
‘गदर 3’ पर आधिकारिक अपडेट
अमीषा पटेल ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर पुष्टि की है कि ‘गदर 3’ को लेकर काम शुरू हो चुका है। हालांकि फिल्म की शूटिंग और रिलीज डेट को लेकर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन अभिनेत्री के इस दावे ने प्रशंसकों के बीच उत्साह भर दिया है। ‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद से ही दर्शकों को तारा सिंह और सकीना की आगे की कहानी का इंतजार था।
नेगेटिव यूट्यूबर्स को खरी-खरी
अपने एक पोस्ट में अमीषा ने उन यूट्यूबर्स पर निशाना साधा जो व्यूज के लिए सितारों के खिलाफ नकारात्मक खबरें फैलाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा:
“कुछ ऐसे नेगेटिव यूट्यूबर्स की बातों का कभी बुरा मत मानना, जो हमेशा नेगेटिविटी और सभी स्टार्स की बुराई करने के लिए ही जागते हैं। हमें उनकी बातों से प्रभावित होने के बजाय उनके लिए खुश होना चाहिए। आखिर, हम सबके बारे में बुरा-भला बोलकर ही तो उनका घर-खर्च चल रहा है। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
फेक पीआर का किया पर्दाफाश
अमीषा ने केवल यूट्यूबर्स ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय ‘फेक पीआर’ तंत्र पर भी अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने संकेत दिया कि कई बार सितारों की छवि बिगाड़ने के लिए संगठित तरीके से अफवाहें फैलाई जाती हैं, जिनसे वह अब बिल्कुल भी विचलित नहीं होतीं।

