रांची । राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मी बिरसा मुंडा की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
चोरी के विरोध पर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि अपराधी मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे थे। पुलिस को मंदिर की एक दानपेटी से पैसे चोरी होने के साक्ष्य मिले हैं। माना जा रहा है कि सुरक्षाकर्मी द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मंदिर सेवक मनोज कुमार के अनुसार, परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके। पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। सुरक्षाकर्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
आस्था के केंद्र पर हमला
पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर रांची की पहचान और लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। पुरी के जगन्नाथ मंदिर की शैली पर बने इस मंदिर में सुरक्षाकर्मी की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हैं और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
“मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।” — राकेश रंजन, एसएसपी (रांची)

