23 C
Kolkata
Tuesday, April 7, 2026

सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, हड़कंप

पोटका (पूर्वी सिंहभूम) | सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को पोटका थाना क्षेत्र के तुड़ी मौजा में अंचलाधिकारी (CO) निकिता बाला के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जहाँ अवैध रूप से किए गए निर्माणों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।

इन लोगों पर हुई कार्रवाई
प्रशासनिक जांच में यह बात सामने आई थी कि तुड़ी मौजा की सरकारी भूमि पर ठेकेदार रंजीत मिश्रा, जमशेदपुर रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड और मनोज कुमार सिंह द्वारा अवैध तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। अंचलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया।

भारी पुलिस बल के बीच चला अभियान
कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआई हेमंत कुमार और राजस्व कर्मचारी शांति राम षाड़ंगी को दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुँचकर सभी अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान किसी भी विरोध से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

CO की सख्त चेतावनी
अंचलाधिकारी निकिता बाला ने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने पहले ही सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने और अवैध निर्माण हटाने का पर्याप्त समय दिया था। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख