अररिया । डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव को मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस क्रम में जिले के कुल 13 कैंडिडेट विलेज का चयन किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित गांव में सोलर योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए, ताकि जल्द ही जिले का एक गांव आदर्श सोलर गांव के रूप में पहचान प्राप्त कर सके। साथ ही कुटीर ज्योति योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसमें शामिल करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान बताया गया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर जिले के कुल 13 कैंडिडेट विलेज के रूप में चयन किया गया। बताया गया कि इन सभी कैंडिडेट विलेज का आगे कंपटीशन पीरियड शुरू किया जाएगा। जिसकी अवधि 06 माह होगी। इस अवधि में जिन गांवों में सबसे अधिक सोलर ऊर्जा क्षमता विकसित होगी, वही गांव मॉडल सोलर विलेज के रूप में चयनित होगा।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर जिले में एक आदर्श सोलर गांव विकसित करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिले और लोग बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन सकें। चयनित प्रत्येक मॉडल सोलर गांव को एक करोड़ की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आम नागरिकों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में कमी आती है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आय भी प्राप्त की जा सकती है।
बैठक में ज्योति कुटीर योजना की भी चर्चा की गई, जिसके तहत ग्रामीण एवं गरीब परिवारों को सौर ऊर्जा आधारित बिजली उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों में स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा पहुंचाना है।बैठक में उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी, वरीय उप समाहर्ता चंद्रशेखर यादव, कार्यपालक अभियंता विद्युत गौरव कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


