25.5 C
Kolkata
Saturday, February 21, 2026

जुबिली पार्क 21 फरवरी से सात मार्च तक रहेगा बंद

पूर्वी सिंहभूम। शहर का प्रमुख आकर्षण और हर आयु वर्ग के लोगों का पसंदीदा पर्यटन स्थल जुबिली पार्क को संस्थापक दिवस समारोह की तैयारियों के मद्देनज़र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार 21 फरवरी से सात मार्च तक आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस अवधि में पार्क के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, रंग-रोगन, उद्यानों की विशेष देखरेख और विद्युत सज्जा का कार्य युद्धस्तर पर किया जाएगा।

हर वर्ष संस्थापक दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क को आकर्षक रोशनी और थीम आधारित सजावट से सजाया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी पूरे पार्क परिसर में आधुनिक एलईडी लाइटिंग, रंग-बिरंगे सजावटी फव्वारे और विशेष प्रवेश द्वार तैयार किए जा रहे हैं। पार्क प्रशासन के अनुसार 2 मार्च से लाइटिंग व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी, जिसके बाद आम लोग पार्क में प्रवेश कर सजी-धजी खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे।

हालांकि 4 मार्च को होली पर्व होने के कारण उस दिन सुरक्षा और व्यवस्थागत कारणों से लाइटिंग बंद रखी जाएगी। इसके बाद 5 और 6 मार्च को फिर से रोशनी की व्यवस्था बहाल रहेगी, ताकि शहरवासी और बाहर से आने वाले पर्यटक शाम के समय प्रकाश सज्जा का आनंद उठा सकें। 7 मार्च तक लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का समय निर्धारित किया गया है।

संस्थापक दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पार्क पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

जुबिली पार्क की रोशनी और विशेष सजावट हर वर्ष शहर की पहचान बन जाती है। ऐसे में इस बार भी लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और सभी को पार्क के दोबारा खुलने का इंतजार है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles