चैनपुर : प्रखंड कार्यालय परिसर चैनपुर के प्रांगण में बुधवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना (सत्र 2024-25) के अंतर्गत सूकर विकास योजना का लाभुकों के बीच वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा और पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धर्मनाथ सारथी उपस्थित रहे। योजना के तहत चयनित कुल 9 लाभुकों के बीच उन्नत नस्ल के सूकरों का वितरण किया गया। प्रत्येक लाभुक को एक इकाई के रूप में 04 मादा सूकरी और 01 नर सूकर प्रदान किए गए। वितरण के दौरान पशुपालकों को उनके उचित रख-रखाव, खान-पान और टीकाकरण के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
मौके पर जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना और पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है। बीडीओ यादव बैठा ने लाभुकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पशुपालन को अपनाकर ग्रामीण आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के कर्मी और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


