35 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

गढ़वा रोड-डालटनगंज बरकाकाना रेल खंड पर ट्रेन परिचालन सामान्य,कई ट्रेनें प्रभावित

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना निंद्रा और महुआ मिलान स्टेशन के बीच रेलवे पोल संख्या 173 के पास हुई। बताया जा रहा है कि जंगली हाथियों का एक झुंड रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी एक मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी। इसी दौरान एक हाथी का बच्चा ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक पर ही बैठ गया। कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद हाथियों का झुंड काफी देर तक रेलवे ट्रैक के आसपास जमा रहा, जिससे रेल परिचालन बाधित हो गया। डाउन लाइन पर मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे तक और अप लाइन पर देर रात 1:00 बजे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा। इस दौरान गढ़वा रोड–डालटनगंज और बरकाकाना रेलखंड पर चलने वाली करीब 10 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा।

पलामू एक्सप्रेस सुबह 4:45 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। इससे पहले इसे खलारी स्टेशन पर रोका गया था, जबकि इंटरसिटी एक्सप्रेस को चियांकी स्टेशन पर रोकना पड़ा। डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है।

वन विभाग और रेलवे प्रशासन ने मृत हाथी के बच्चे के शव को दफनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्र में अक्सर हाथियों का झुंड विचरण करता है, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।

Related Articles

नवीनतम लेख