21 C
Kolkata
Sunday, February 15, 2026

सुषमा स्वराज की जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बताया प्रेरणास्रोत

नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री एवं ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज की जयंती पर केंद्रिय मंत्रियों सहित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके योगदान को याद किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि संगठन से सरकार तक जनकल्याण को अपने जीवन का ध्येय बनाने वाली सुषमा स्वराज राष्ट्रहित के विषयों पर अपनी निर्भीकता के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने कहा कि देश, संस्कृति, भाषा, विदेश नीति और नारी सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके कार्य दशकों तक देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को उनकी जयंती पर विनम्र अभिवादन अर्पित किया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू उन्हें ओजस्वी वाणी की धनी, संवेदनशीलता और सेवा की सजीव प्रतीक बताते हुए नमन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘पद्मविभूषण’ सुषमा स्वराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि राजनीतिक एवं संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने सदैव राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुषमा स्वराज ने भारतीय राजनीति में अपनी विद्वत्ता, शालीनता और ओजस्विता की अमिट छाप छोड़ी। उनका जीवन शुचिता, सामर्थ्य और संवेदना की त्रिवेणी था, जिसने सत्ता को सेवा के उच्चतम प्रतिमानों पर प्रतिष्ठित किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज को जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संसदीय गरिमा की संरक्षक और मानवीय कूटनीति की अद्वितीय शिल्पी के रूप में उनका व्यक्तित्व सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि राष्ट्रसेवा और संगठन विस्तार को समर्पित उनका संपूर्ण जीवन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उन्हें सौम्यता, सादगी और ओजस्विता की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज का राजनीतिक जीवन जनसेवा, राष्ट्रहित और मानवीय मूल्यों के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक रहा। उनकी स्मृति और आदर्श देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles