कटिहार। जिले के बलिया बेलौन पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर 18 मवेशी और 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान के तहत बलिया बेलौन थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में पशुओं का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
गिरफ्तार तस्करों में शिवनाथ यादव (60 वर्ष) पिता रामानंद यादव ग्राम बरेना थाना मांझी जिला छपरा (सारण), संतोष यादव (35 वर्ष) पिता रामसेवक राय ग्राम सूरा थाना गायघाट जिला मुजफ्फरपुर, अमरदीप यादव (19 वर्ष) पिता रामजी राय ग्राम धरमपुर थाना बोचहाँ जिला मुजफ्फरपुर और अभिषेक सिंह (28 वर्ष) पिता चंद्रशेखर सिंह ग्राम आमी थाना अवतारनगर जिला छपरा (सारण) शामिल है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर पशुओं को क्रूरतापूर्वक परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि अवैध पशु तस्करी के विरूद्ध पुलिस का अभियान जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।


