रांची। रांची मण्डल मे कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ बेहद सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रही है उसी क्रम मे दिनांक 12.02.2026 को आरपीएफ हटिया, फ्लाइंग टीम रांची एवं अपराध शाखा, रांची द्वारा “ऑपरेशन NARCOS” के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ हटिया के पर्यवेक्षण में की गई। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर टीम द्वारा संध्या हटिया रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग की जा रही थी। प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर एक व्यक्ति को हल्के हरे रंग के ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहन प्रसाद, उम्र लगभग 60 वर्ष, पिता स्व. लक्ष्मण प्रसाद, निवासी नागा रोड, वार्ड संख्या-10, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) बताया। बैग के संबंध में पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उसके अंदर प्लास्टिक में लिपटा हुआ गांजा रखा है। तत्काल इसकी सूचना एएससी आरपीएफ रांची श्री अशोक कुमार सिंह को दी गई, जो मौके पर पहुंचे। उनके निर्देशानुसार कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उक्त व्यक्ति की तलाशी एवं बैग की जांच की गई। जांच के दौरान ट्रॉली बैग से भूरे प्लास्टिक में लिपटे कुल 09 पैकेट गांजा बरामद हुए। वजन करने पर कुल वजन 7.5 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹3,75,000/- आंकी गई। बरामद सामग्री को मौके पर ही विधिवत जब्त किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त गांजा धनपाली, संबलपुर (ओडिशा) से रंजीत कुमार पंडित के माध्यम से प्राप्त कर रक्सौल (बिहार) ले जा रहा था। समस्त कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर अभियुक्त एवं जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी हटिया को सुपुर्द कर दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक कुमार एवं साधना कुमारी (आरपीएफ पोस्ट हटिया), एएसआई अनिल कुमार (फ्लाइंग टीम रांची), आरक्षक अरविंद कुमार (अपराध शाखा रांची) तथा स्टाफ अमित सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।

