31.2 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, वाहन जब्त

पलामू। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के छःमुहान पर शुक्रवार सुबह सात बजे रसोई गैस सिलेंडर लदे एक ट्रक (जे एच 09 एइ 5811) की चपेट में आने से पैदल चल रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके भीड़ जमा हो गई। ट्रक को मौके पर ही पकड़ लिया गया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। नगर निगम कर्मियों के सहयोग से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेजा। मृतक की पहचान लेस्लीगंज के दुमी निवासी 55 वर्षीय अशोक पासवान के रूप में हुई है। अशोक पिछले 30 साल से धोबी मोहल्ला में प्रदीप कुमार के घर रहते थे और प्रधान डाकघर के सामने उनकी मिठाई दुकान में काम करते थे।

मौके पर मौजूद लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह जिला प्रशासन से किया है। बताया जाता है कि अशोक पासवान हर दिन की तरह सुबह जागने के बाद धोबी मोहल्ला से छःमुहान चाय पीने आये थे। अचानक एक गैस सिलेंडर लोड ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुकान मालिक प्रदीप के अनुसार अशोक पिछले 30 साल से उसकी दुकान में काम करते थे और घर पर रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। घटना की जानकारी उसके परिवार के अन्य सदस्यों को दे दी गई है। इधर शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार ने कहा कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख