- श्रद्धालुओं की बस अनियंत्रित होकर पलटी, चीख-पुकार से गूंजा इलाका, घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
गुमला : जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सिमडेगा के ठेठईटांगर से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल टांगीनाथ धाम में बच्चे का मुंडन संस्कार कराने आए श्रद्धालुओं की बस वापसी में अनियंत्रित होकर पलट गई। कई अन्य रिश्तेदार घायल हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है और पुलिस मौके पर है। खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है। इस भीषण दुर्घटना में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री टांगीनाथ धाम (डुमरी) में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही बस रायडीह प्रखंड के कटकाया के पास पहुंची चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार थोड़ी तेज थी और मोड़ पर वह संभल नहीं पाई।

अफरा-तफरी और रेस्क्यू : बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दौड़कर राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों से तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और गुमला सदर अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है। रायडीह थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि इस हादसे में एक बच्चे की दुखद मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकता अभी घायलों का इलाज है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
शोक की लहर : इस घटना के बाद से मृतकों और घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। टांगीनाथ धाम से खुशी-खुशी लौट रहे परिवारों के लिए यह सफर मातम में बदल गया।


