खूंटी। तोरपा प्रखंड के बासकी गांव में तीन दिनों से चल रहा नर्मदेश्वर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा समारोह शनिवार को पांच कुंडिया महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ विधिवत सम्पन्न हो गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति अर्पित कर तथा यज्ञशाला की परिक्रमा कर अपने परिवार, गांव और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
उल्लेखनीय है कि इस मंदिर का शिलान्यास 22 जनवरी 2023 को किया गया था। ठीक तीन वर्ष बाद 22 जनवरी को महाकाल की नगरी उज्जैन से नर्मदेश्वर शिवलिंग एवं शिव परिवार की प्रतिमाएं बासकी गांव पहुंचीं, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। प्रतिमाओं के आगमन पर श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से स्वागत किया।
शुक्रवार से अखंड हरि कीर्तन की शुरुआत की गई, जिसमें ग्राम के श्रद्धालुओं के साथ-साथ विभिन्न गांवों की कीर्तन मंडलियों ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। तीनों दिनों तक आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समारोह के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया पूरी की गई। बनारस से आए विद्वान आचार्यों ने पांच कुंडों में वैदिक रीति से यज्ञ संपन्न कराया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए श्रद्धा और आस्था का केंद्र बन गया। इस महायज्ञ को सफल बनाने में राजनाथ सिंह, शिवकुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, सोनू सिंह, सुरेंद्र सिंह, विक्रमा महतो, एमपी सिंह, गोपाल सिंह, आनन्द सिंह, राम नरेश सिंह, पंकज सिंह, रोहित सिंह सहित पूरे गांव के लोगों ने सहयोग दिया।


