24 C
Kolkata
Wednesday, February 4, 2026

भारत–अमेरिका व्यापार समझौता विश्व की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के बीच एक ऐतिहासिक कदम: खंडेलवाल

नई दिल्‍ली। भाजपा के सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता को विश्व की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के बीच आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
खंडेलवाल ने कहा कि यह समझौता द्विपक्षीय व्यापार को उल्लेखनीय रूप से बढ़ावा देगा, भारत में निवेश को प्रोत्साहित करेगा तथा विशेष रूप से एमएसएमई, स्टार्टअप्स और विनिर्माण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा। कैट महामंत्री ने कहा कि यह मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल जैसी पहलों को मजबूती प्रदान करते हुए भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजारों तक व्यापक पहुंच दिलाएगा और घरेलू मूल्य श्रृंखलाओं को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यापार समझौते से विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा उत्पादन, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र एवं परिधान, रत्न एवं आभूषण, कृषि उत्पाद, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल सेवाओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलेगा। भारतीय निर्यातकों, व्यापारियों और उद्यमियों को व्यापार अवरोधों में कमी, बेहतर बाजार पहुँच और प्रौद्योगिकी सहयोग का सीधा लाभ प्राप्त होगा।
खंडेलवाल ने आगे कहा कि इस समझौते का एक महत्वपूर्ण पक्ष नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में सहयोग को बढ़ावा देना है, जिससे भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी और सतत आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि कुल मिलाकर भारत–अमेरिका व्यापार समझौता केवल एक व्यावसायिक समझौता नहीं, बल्कि एक रणनीतिक आर्थिक साझेदारी है, जो भारत की 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की यात्रा को तेज करेगी और देश को वैश्विक विनिर्माण एवं व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles