खेलकूद से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास : फादर ब्रिशयुस तिर्की
सिमडेगा/कोलेबिरा। संत जेवियर उच्च विद्यालय बरवाडीह, कोलेबिरा में एक दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव (एनुअल स्पोर्ट्स मीट) का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस खेल उत्सव में संत जेवियर उच्च विद्यालय के साथ-साथ सेंट जोसेफ बालिका उच्च विद्यालय, सेंट जोसेफ बालिका मध्य विद्यालय एवं आरसी बालक मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत सभी विद्यालयों प्रधानाध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन के साथ की गई। खेल मैदान में विद्यार्थियों का जोश, अनुशासन और खेल भावना देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर संत जेवियर उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर ब्रिशयुस तिर्की ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक एवं भावनात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।
वहीं कार्यक्रम में फ्रांसिस ज़ेवियर केरकेट्टा एवं सिस्टर विक्टोरिया ने शानदार एंकरिंग कर पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। सिस्टर विक्टोरिया ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेलकूद केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखते, बल्कि मन को भी तरोताजा रखते हैं। एनुअल स्पोर्ट्स डे हमें किताबी ज्ञान से बाहर निकालकर मैदान की वास्तविक चुनौतियों से रूबरू कराता है। यह हमें अनुशासन, सहयोग और विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने की प्रेरणा देता है।
खेल उत्सव के दौरान बालक एवं बालिका दौड़, चॉकलेट रेस, बिस्किट रेस, बैलून रेस, बोरा दौड़, चम्मच रेस सहित कई अन्य मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया।प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा बुके एवं दैनिक जीवन में उपयोगी वस्तुओं के उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल और अधिक बढ़ा।
इस अवसर पर फादर ब्रिशयुस तिर्की, फादर सेबेस्टियन एक्का, फ्रांसिस ज़ेवियर केरकेट्टा, फादर फुलजेंस, फादर सुमिलन, सुधेश मिंज, फादर एडवर्ड डुंगडुंग, विक्टोरिया मिंज, दयामणि तिर्की, अभिजीत साहू सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन उत्साह,अनुशासन और खेल भावना के संदेश के साथ किया गया।


