रांची। बेड़ो थाना क्षेत्र के माठ पहाड़ पंचायत अंतर्गत खुखरा में मिले अज्ञात युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो विधि विरुद्ध किशोरों को हिरासत में लिया है। मालूम हो कि 8 जनवरी को खुखरा गांव में एक युवक का शव सिर कुचला हुआ मिला था। इस मामले में मृतक के भाई पवन लकड़ा के लिखित आवेदन पर बेड़ो थाना में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान मुन्ना उरांव, पिता स्व. सुखदेव उरांव, निवासी हुददू गांव, थाना कैरो, जिला लोहरदगा के रूप में हुई। मृतक के भाई शनिचरवा उरांव ने शव की पहचान की। पुलिस के अनुसार 5 जनवरी को नरौली गांव में मृतक के भाई की शादी हुई थी और उसी दिन से मुन्ना उरांव लापता था। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी समारोह के दौरान मृतक का एक किशोर की प्रेमिका से नजदीकी को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में दोनों नाबालिगों ने सुनियोजित तरीके से मृतक को बुलाया, शराब पिलाई और माठ पहाड़ ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में दोनों किशोरों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।


