हजारीबाग। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में हुई ज्वेलरी दुकान लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 07 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक अपाची बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार अंजन ने प्रेस वार्ता कर गुरुवार को बताया कि के 08 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बड़कागांव से हजारीबाग जाने वाली मुख्य सड़क पर बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान टीम ने टीपी -05 के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों को झाड़ियों के पीछे छिपकर आपस में बातचीत करते देखा। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम विनोद कुमार मुंडा (26), प्रिंस यादव (22), तेज कुमार भोगता (26), शिकन्दर कुमार गंझु, रामधनी ठठेरा, संदीप कुमार सोनी और विशाल साव (गया, बिहार) शामिल हैं।
इन लोगों ने स्वीकार किया कि वे हथियार के बल पर राहगीरों को लूटने और गंभीर अपराध करने की योजना बना रहे थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने पूर्व में बड़कागांव थाना क्षेत्र में नंदिनी ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में अन्य सहयोगियों की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने लूटे गए गहनों को गलाकर अन्य राज्यों में बेचने की योजना थी, जिसकी जांच जारी है। इनके पास से देसी पिस्टल 01, जिंदा गोली 13, मोबाइल फोन 03, अपाची बाइक 01 बरामद किया गया है। सभी अपराधियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

