33.8 C
Kolkata
Tuesday, March 3, 2026

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की पुनर्स्थापना के 1000 वर्ष पूर्ण, भाजपा ने देशभर में मनाया ‘स्वाभिमान पर्व’

रांची। देश के आध्यात्मिक स्वरूप के केंद्रबिंदु और धार्मिक ऊर्जा के प्रतीक विश्वविख्यात ज्योतिर्लिंग सोमनाथ की पुनर्स्थापना के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड सहित विभिन्न राज्यों में भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव की आराधना कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर झारखंड प्रदेश के सभी मंडलों और जिलों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, प्रदेश एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नजदीकी शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव की आरती की, जलाभिषेक किया और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत पर आक्रमण कर न केवल देश की अपार धन-संपदा को लूटा, बल्कि भारत के सांस्कृतिक, धार्मिक और सभ्यतागत मानबिंदुओं को नष्ट करने का भी प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की जड़ें अत्यंत गहरी हैं, इसलिए इसे समाप्त करने का प्रयास करने वाले आक्रांता स्वयं इतिहास के गर्त में समा गए।
मरांडी ने कहा कि आक्रांता मोहम्मद गजनी ने सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण कर वहां से हीरे-जवाहरात, सोना-चांदी लूटी और अद्वितीय शिवलिंग पर भी आघात किया। यह हमला केवल एक मंदिर पर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और सांस्कृतिक चेतना पर था। इसके बावजूद भारत की सांस्कृतिक चेतना फिर से खड़ी हुई और आज सोमनाथ मंदिर की पुनर्स्थापना के 1000 वर्ष पूर्ण होना इस बात का प्रमाण है कि भारत अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ अडिग और अक्षुण्ण खड़ा है।
प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने इस अवसर पर अपने पैतृक गांव स्थित शिवालय में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान शिव सत्य हैं, सुंदर हैं, अटल हैं और अविनाशी हैं। साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास और महाकाल उज्जैन कॉरिडोर जैसे कार्य भारत की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक चेतना को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी बाबा मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन और आरती की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह दिन ऐतिहासिक महत्व का है और इसे स्मरण रखना विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सनातन मूल्यों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है, क्योंकि सनातन मानबिंदु ही भारत की पहचान और आत्मा हैं। भाजपा नेताओं ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles